बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का समापन, छात्रों ने लिया गुरु सम्मान और राष्ट्र निर्माण का संकल्प

सांदीपनि विद्यालय चितरंगी में प्रतिभाओं का सम्मान, विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

चितरंगी। सांदीपनि शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चितरंगी में 15 जुलाई से आयोजित गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का बुधवार को गरिमामय वातावरण में समापन हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नैतिक मूल्यों, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, करियर मार्गदर्शन एवं गुरु-शिष्य परंपरा को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

समापन अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सरस्वती वंदना, भाषण, निबंध, संस्कृत श्लोक, भजन, गुरु वंदना एवं योगाभ्यास प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

पखवाड़े के अंतर्गत करियर मार्गदर्शन एवं प्रेरक व्याख्यान, “एक गुरु–एक वृक्ष” पौधरोपण अभियान, शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी, स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता रैली एवं गुरु-शिष्य प्रेरणा संवाद जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

कार्यक्रम संचालक सत्यकाम तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में संस्कार, सामाजिक चेतना और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। विद्यालय के प्राचार्य अशोक सिंह बघेल ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि जीवन निर्माण के पथ-प्रदर्शक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों के मार्गदर्शन को जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। समारोह में शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।

Author

Related Articles

Back to top button