32 दिनों में 1400 किमी पैदल चलकर हिनौती के युवाओं ने किए बाबा केदार के दर्शन
प्रिंस और आकाश की आस्था व संकल्प की यात्रा बनी क्षेत्र में प्रेरणा का संदेश

अमिलिया। श्रद्धा, संकल्प और कठिन परिश्रम की मिसाल पेश करते हुए सीधी जिले के सिहावल विकासखंड अंतर्गत ग्राम हिनौती के दो युवाओं ने अद्भुत साहस दिखाया है। हिनौती निवासी प्रिंस गुप्ता और आकाश गुप्ता ने करीब 1400 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर 32 दिनों में भगवान केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए।
प्रिंस गुप्ता (21 वर्ष, पिता सुरेंद्र गुप्ता) एवं आकाश गुप्ता (27 वर्ष, पिता बाबूलाल गुप्ता) ने 25 जून को हिनौती स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपनी यात्रा शुरू की थी। इस दौरान दोनों युवाओं ने तेज धूप, बारिश, थकान और दुर्गम पहाड़ी रास्तों जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए लगातार पैदल सफर जारी रखा।
कई राज्यों और कठिन मार्गों से होते हुए दोनों युवा 26 जुलाई को केदारनाथ धाम पहुंचे और बाबा केदार का आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रिंस गुप्ता इससे पहले भी अपनी आस्था और साहस का परिचय दे चुके हैं। वे 24 घंटे में दौड़ लगाकर मैहर पहुंचकर मां शारदा के दर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा पैदल यात्रा कर प्रयागराज संगम और अयोध्या धाम भी पहुंच चुके हैं।
दोनों युवाओं की यह कठिन पदयात्रा क्षेत्रवासियों के लिए प्रेरणा का विषय बनी हुई है। उनकी अटूट श्रद्धा और दृढ़ इच्छाशक्ति की हर ओर सराहना की जा रही है।













