बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

फिसली बाइक, ट्रक के पहियों तले कुचलकर किसान की मौत

गढ़वा थाना क्षेत्र के बभनदेवा गांव में दर्दनाक हादसा, चालक ट्रक छोड़कर फरार; पुलिस जांच में जुटी

सिंगरौली। जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत बभनदेवा गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार किसान की मौके पर ही मौत हो गई। लगातार हो रही बारिश से सड़क फिसलन भरी होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और चालक ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बड़ागड़ा निवासी 50 वर्षीय शंभू प्रसाद बैस अपनी बाइक से गढ़वा से चितरंगी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चितरंगी से लमसरई की ओर सीमेंट लेकर जा रहा ट्रक (क्रमांक एमपी-65-जीए-1512) बभनदेवा गांव के पास पहुंचा। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी, जिससे बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। शंभू प्रसाद बैस ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही गढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। हादसे की खबर फैलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाना पड़ा।
चितरंगी एसडीओपी ललित बैरागी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के साथ आरोपी चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।लगातार बारिश के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर बरसात के मौसम में सड़क पर सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित कर दिया है।

Author

Related Articles

Back to top button