देश विदेशब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर दुधमनिया में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई गुरु पूर्णिमा

5 वर्षीय तबला वादक की अद्भुत प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र, पहाड़ी पर स्थित मंदिर में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

सिंगरौली जिले के चितरंगी विकासखंड अंतर्गत स्थित श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर, सत्संग नगर दुधमनिया में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी गुरु पूर्णिमा महापर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर समिति द्वारा भक्तों के लिए भव्य व्यवस्था की गई, जिसमें दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान बाहर से आए कलाकारों ने गुरु वंदना और भक्तिमय प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। समारोह का सबसे आकर्षक क्षण तब देखने को मिला, जब लगभग 5 वर्षीय बाल तबला वादक ने अपनी विलक्षण प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बाल कलाकार की लय, ताल और प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा सभी ने तालियों की गड़गड़ाहट से उसका उत्साहवर्धन किया।

मंदिर समिति के संस्थापक गुंजारी लाल तिवारी ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंदिर प्रांगण में पधारे सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु का स्थान जीवन में सर्वोच्च होता है और उनकी कृपा से ही मानव जीवन सार्थक बनता है।

उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर, सत्संग नगर दुधमनिया में वर्षभर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इनमें सामूहिक व्रतबंध संस्कार, सामूहिक कन्या विवाह, वार्षिक उत्सव, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव तथा गुरु पूर्णिमा पर्व प्रमुख हैं। इन सभी आयोजनों का संचालन मंदिर समिति द्वारा उनके नेतृत्व में भव्य रूप से किया जाता है।

ऊंची पहाड़ी पर स्थित यह मंदिर अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के कारण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र बना हुआ है। मंदिर प्रांगण में पहुंचते ही भक्तों को आध्यात्मिक शांति और दिव्य अनुभूति का एहसास होता है। प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक वातावरण के कारण यह स्थान क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में अपनी अलग पहचान रखता है।

Author

Related Articles

Back to top button