देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

राहुल गांधी-पप्पू यादव पर एफआईआर को लेकर सपा का हमला, बोली- विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश

लखनऊ। संसद परिसर में राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर हुए प्रतीकात्मक प्रदर्शन के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, निर्दलीय सांसद पप्पू यादव और सपा सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर समाजवादी पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने और आलोचना से बचने के लिए इस तरह की कार्रवाई कर रही है।

सपा विधायक अंकित भारती ने कहा कि सरकार धर्म के नाम पर राजनीति कर रही है और जो भी उसके खिलाफ आवाज उठाता है, उसके खिलाफ सीबीआई, ईडी या एफआईआर जैसी कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ऐसी कार्रवाइयों से डरने वाला नहीं है और जनता के मुद्दे उठाता रहेगा।

विधायक रामअवतार सैनी ने इसे एकतरफा कार्रवाई बताया, जबकि विधायक मुकेश वर्मा ने राम मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार आलोचनाओं से घबराई हुई है। वहीं सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राजनीतिक विरोधियों पर मुकदमे दर्ज कर लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।

गौरतलब है कि संसद परिसर के बाहर राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर किए गए एक प्रतीकात्मक नाटक के बाद राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद के खिलाफ सनातन धर्म के अपमान और धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

Author

Related Articles

Back to top button