देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, 9 उग्रवादी गिरफ्तार; हथियार बरामद, 6 आईईडी किए नष्ट

 

इंफाल। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने उग्रवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले 24 घंटों में नौ उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त अभियान के दौरान हथियार, गोला-बारूद, संचार उपकरण और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई, जबकि छह शक्तिशाली आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मणिपुर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने थोउबल, तामेंगलोंग, काकचिंग, चंदेल, इम्फाल वेस्ट और इम्फाल ईस्ट जिलों में संयुक्त अभियान चलाया। गिरफ्तार उग्रवादी प्रतिबंधित संगठनों केसीपी, पीएलए, आरपीएफ, एनएससीएन-के और पीआरईपीएके से जुड़े बताए गए हैं। इन पर अपहरण, रंगदारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।

सुरक्षा बलों ने आरोपियों के कब्जे से हथियार, नकदी, चंदा रसीदें, संगठन की मुहरें, दस्तावेज और बाओफेंग संचार उपकरण बरामद किए। वहीं म्यांमार सीमा से लगे तेंगनौपाल जिले के मोरेह क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान 9 एमएम पिस्टल, डबल बैरल बंदूक, हैंड ग्रेनेड, रेडियो सेट और छह आईईडी बरामद हुए, जिन्हें बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया।

प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करते हुए घाटी एवं पहाड़ी क्षेत्रों में 111 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान जारी है तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवश्यक वस्तुओं से लदे वाहनों को सुरक्षा के साथ एस्कॉर्ट किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों और सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की है।

Author

Related Articles

Back to top button