राष्ट्रपति से महंत मनोज शर्मा की राष्ट्रीय सुरक्षा पर उच्चस्तरीय जांच की मांग, कहा— “संभावित खतरे को समय रहते गंभीरता से लेना होगा

चंडीगढ़, 2 अगस्त। विश्व हिंदू परिषद, चंडीगढ़ (पंजाब प्रांत) के पूर्व सोशल मीडिया प्रभारी महंत मनोज शर्मा “मनु जी महाराज” ने भारत की राष्ट्रपति को एक विस्तृत पत्र भेजकर राष्ट्रीय सुरक्षा एवं सार्वजनिक व्यवस्था से जुड़े संभावित जोखिमों पर उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
महंत मनोज शर्मा ने अपने पत्र में कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ डिजिटल सामग्री एवं एक पंजाबी गीत का अपने स्तर पर अध्ययन और विश्लेषण करने के बाद उन्हें यह आशंका हुई है कि कुछ असामाजिक या राष्ट्रविरोधी तत्व भविष्य में पंजाब सहित अन्य राज्यों का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उनका व्यक्तिगत विश्लेषण और आशंका है तथा इसकी सत्यता की पुष्टि केवल देश की सक्षम केंद्रीय जांच एवं सुरक्षा एजेंसियां ही कर सकती हैं।
महंत शर्मा ने राष्ट्रपति से अनुरोध किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से इस विषय पर केंद्रीय स्तर पर निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार का वास्तविक खतरा मौजूद है, तो उसे समय रहते चिन्हित कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, जिससे देश की शांति, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि एक जागरूक नागरिक के नाते संभावित सुरक्षा संबंधी सूचनाओं को संवैधानिक संस्थाओं तक पहुंचाना अपना कर्तव्य समझते हैं। यदि संबंधित केंद्रीय एजेंसियां आवश्यक समझें तो वे अपने पास उपलब्ध जानकारी एवं विश्लेषण साझा करने के लिए भी तैयार हैं।
महंत मनोज शर्मा ने कहा, “राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में देर नहीं, बल्कि समय रहते सतर्कता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। यदि किसी आशंका की जांच समय पर हो जाए तो अनेक संभावित संकटों को टाला जा सकता है।”उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रपति के संज्ञान में लाए गए इस विषय पर संबंधित केंद्रीय एजेंसियां विधि के अनुसार निष्पक्ष जांच करेंगी और यदि कोई वास्तविक खतरा पाया जाता है तो देशहित में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।













