बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

9 से 17 अगस्त तक जिले में व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित होगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान

तिरंगा यात्रा, बाइक रैली, मानव श्रृंखला सहित होंगे विविध कार्यक्रम, ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष आयोजन

सिंगरौली, 4 अगस्त 2026। जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक भारत सरकार एवं मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार ‘हर घर तिरंगा’ अभियान व्यापक जनभागीदारी एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में आयोजित किया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए शासन द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अभियान के दौरान जिले में तिरंगा यात्रा, बाइक रैली, मानव श्रृंखला, रंगोली प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, नुक्कड़ नाटक, मेले तथा सैन्य एवं पुलिस बलों के सम्मान में पत्र लेखन जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।अभियान के अंतर्गत आमजन को अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। नागरिकों की सुविधा के लिए स्थानीय स्वयं सहायता समूहों एवं उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से खादी एवं पॉलिएस्टर के राष्ट्रीय ध्वज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस वर्ष राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इसे विशेष रूप से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ा गया है। शासन के निर्देशानुसार जिले के समस्त शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ से पूर्व ‘वंदे मातरम्’ का शुद्ध एवं गरिमापूर्ण सामूहिक गायन किया जाएगा। राष्ट्रगीत के दौरान उपस्थित सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक सम्मानपूर्वक सावधान की मुद्रा में खड़े रहेंगे। अभियान के क्रम में 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ भी संवेदनशीलता एवं गरिमा के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शांति मार्च (मौन जुलूस), श्रद्धांजलि सभाएं, विभाजन की पीड़ा झेलने वाले परिवारों के अनुभव साझा करने के कार्यक्रम तथा ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा। शासन द्वारा नागरिकों से अपने घर पर तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर आधिकारिक पोर्टल www.harghartiranga.com पर अपलोड करने का आग्रह किया गया है। पोर्टल पर अपलोड की गई तस्वीर पर स्वतः ‘वंदे मातरम्’ अंकित हो जाएगा। साथ ही सभी शासकीय एवं निजी भवनों, कार्यालयों तथा वाहनों पर राष्ट्रीय ध्वज की सम्मानजनक एवं अधिकतम दृश्यता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Author

Related Articles

Back to top button