बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनीं 252 आवेदकों की समस्याएं

सात दिवस में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश

सिंगरौली, 4 अगस्त 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई में कुल 252 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।कलेक्टर श्री बैनल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण करते हुए सात दिवस के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित आवेदकों को उनके प्रकरणों में की गई कार्रवाई की समय पर जानकारी दी जाए, जिससे शासन-प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।

उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन की एक महत्वपूर्ण लोकहितकारी व्यवस्था है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को सीधे प्रशासन के समक्ष रखते हैं। इसलिए सभी अधिकारी जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा अनावश्यक विलंब से बचें। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं करने तथा प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जन सुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर अमित सिंह बम्हरौलिया, एसडीएम सुरेश जाधव सहित जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button