कलेक्टर की अध्यक्षता में 5 अगस्त को जिला स्वास्थ्य, पोषण एवं टास्क फोर्स समिति की बैठक

सिंगरौली, । कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति समीक्षा, जिला पोषण समिति समीक्षा एवं जिला टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन 5 अगस्त 2026 को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में किया जाएगा। बैठक में स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ मीजल्स-रूबेला निर्मूलन अभियान, वैक्सीन से रोके जा सकने वाले रोगों की निगरानी तथा जीरो डोज बच्चों के चिन्हांकन एवं टीकाकरण की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा वर्ष 2026 तक मीजल्स-रूबेला निर्मूलन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए एमआर टीके की दोनों खुराकों का कवरेज 95 प्रतिशत से अधिक सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग, नगर पालिक निगम, शिक्षा विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, जिला जनसंपर्क विभाग तथा विभिन्न डेवलपमेंट पार्टनर्स के समन्वित प्रयासों पर विशेष बल दिया जाएगा।
बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं विकास सहयोगी संस्थाओं से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर विभागीय प्रगति की जानकारी प्रस्तुत करने तथा मीजल्स-रूबेला निर्मूलन, वीपीडी सर्विलेंस एवं जीरो डोज बच्चों के चिन्हांकन एवं टीकाकरण अभियान को प्रभावी बनाने में सक्रिय सहयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।









