31 अगस्त तक होगा अगस्त एवं सितम्बर माह की राशन सामग्री का एकमुश्त वितरण
15 अगस्त तक उचित मूल्य दुकानों में भण्डारण सुनिश्चित करने के निर्देश

सिंगरौली,। भारत शासन के निर्देशों के अनुरूप राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के अंतर्गत पात्र परिवारों को माह अगस्त एवं सितम्बर 2026 की राशन सामग्री का एकमुश्त वितरण किया जाएगा। इसके लिए जिले में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।जारी निर्देशों के अनुसार अगस्त एवं सितम्बर माह की राशन सामग्री का वितरण 31 अगस्त 2026 तक पूर्ण किया जाएगा। इसके पूर्व सितम्बर माह के आवंटित खाद्यान्न सहित दोनों माह की राशन सामग्री का शत-प्रतिशत उठाव 15 अगस्त 2026 तक कर उचित मूल्य दुकानों में सुरक्षित भण्डारण सुनिश्चित किया जाएगा।
निर्देशों में कहा गया है कि माह अगस्त का आवंटन पूर्व में जारी किया जा चुका है तथा लगभग 80 प्रतिशत खाद्यान्न का उठाव हो चुका है। वहीं सितम्बर माह का आवंटन भी पोर्टल पर ऑनलाइन जारी कर दिया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों एवं उचित मूल्य दुकान संचालकों को निर्देशित किया गया है कि निर्धारित समय-सीमा में दोनों माह की राशन सामग्री का पूर्ण उठाव कर दुकानों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही विक्रेताओं को प्रदाय सामग्री की ऑनलाइन ट्रक चिट तत्काल उपलब्ध कराई जाए तथा दुकान में प्राप्त राशन सामग्री का वितरण 31 अगस्त 2026 तक सभी पात्र हितग्राही परिवारों को अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए। कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वितरण कार्य की नियमित निगरानी करते हुए यह सुनिश्चित करें कि पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध एवं सुचारु रूप से राशन सामग्री उपलब्ध हो, जिससे किसी भी हितग्राही को असुविधा का सामना न करना पड़े।








