बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर के सतत प्रयासों से सिंगरौली जिले को 69 नवीन शाला भवनों की स्वीकृति

सिंगरौली, 4 अगस्त 2026। जिले के विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा जर्जर शाला भवनों के स्थान पर नवीन भवनों के निर्माण के लिए कलेक्टर श्री गौरव बैनल के सतत प्रयासों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। राज्य शिक्षा केंद्र, भोपाल द्वारा सत्र 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना के अंतर्गत सिंगरौली जिले के लिए 69 नवीन शाला भवनों के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है।स्वीकृत 69 भवनों में से 25 भवनों का निर्माण सर्व शिक्षा अभियान के माध्यम से तथा 44 भवनों का निर्माण पीआईयू के माध्यम से कराया जाएगा। इससे पूर्व सत्र 2025-26 में स्वीकृत 35 नवीन शाला भवनों में से 26 भवनों के निर्माण हेतु जिला शिक्षा केंद्र द्वारा तथा 9 भवनों के निर्माण हेतु पीआईयू के माध्यम से निविदाएं जारी की जा चुकी हैं, जिन पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर ने जिले में शेष बचे जीर्ण-शीर्ण शाला भवनों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केंद्र को निर्देशित किया है कि ऐसे सभी भवनों के निर्माण हेतु जिला खनिज प्रतिष्ठान (डीएमएफ) एवं कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद से कार्य स्वीकृत कराने के लिए तत्काल प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करें, जिससे शेष जर्जर भवनों का भी शीघ्र निर्माण कराया जा सके और विद्यार्थियों को सुरक्षित शिक्षण वातावरण उपलब्ध हो सके।

कलेक्टर ने कहा है कि विद्यालय भवनों का सुदृढ़ एवं सुरक्षित होना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आधारभूत आवश्यकता है। जिला प्रशासन सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button