20 साल से घर में नल नहीं, फिर भी थमा दिया ₹22,874 का पानी बिल; नगर निगम की लापरवाही पर उठे सवाल

जबलपुर। शहर के रांझी स्थित गांधी चौक क्षेत्र में नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां पिछले 20 वर्षों से बिना नल कनेक्शन के रह रही राधा यादव को नगर निगम ने 22,874 रुपये का पानी एवं विभिन्न करों का बिल भेज दिया। हैरानी की बात यह है कि महिला के घर में आज तक पानी का नल कनेक्शन लगाया ही नहीं गया।
बताया गया कि जब निगम के कर्मचारी बकाया वसूलने पहुंचे तो राधा यादव उन्हें अपने घर ले गईं और बताया कि उनका परिवार आज भी घर से करीब 50 मीटर दूर लगे सार्वजनिक नल से पानी भरकर लाता है। मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले उनके पति के साथ दो छोटे बच्चे भी हैं। बिल में संपत्ति कर, पानी शुल्क, नाली सफाई और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण शुल्क भी शामिल किया गया है। महिला का आरोप है कि उनके मोहल्ले में कचरा वाहन भी नियमित नहीं आता, फिर भी उनसे शुल्क वसूला जा रहा है।
मामले के तूल पकड़ने पर राधा यादव ने रांझी जोन कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई। जोन-10 के संभागीय अधिकारी नरेश शर्मा ने प्रारंभिक तौर पर तकनीकी त्रुटि या रिकॉर्ड में नाम की गड़बड़ी की आशंका जताई है। अधिकारियों के अनुसार, पंचायत क्षेत्र से नगर निगम में शामिल होने के दौरान रिकॉर्ड अपडेट में हुई गलती या किसी अन्य व्यक्ति के नाम का बिल गलत पते पर जारी होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
नगर निगम ने शिकायत स्वीकार करते हुए पटवारी और विभागीय टीम को मौके पर भेजकर भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए हैं। जांच के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम की रिकॉर्ड व्यवस्था और बिलिंग प्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।













