जिले के पेट्रोल पंपों का होगा आकस्मिक निरीक्षण
ईंधन की गुणवत्ता, नापतौल एवं स्टॉक की होगी जांच, अनियमितता पर होगी सख्त कार्रवाई

सिंगरौली, । जिले में संचालित पेट्रोल एवं डीजल पंपों पर उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण ईंधन और सही माप सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर श्री गौरव बैनल के निर्देश पर जिले के सभी पेट्रोल एवं डीजल पंपों के आकस्मिक निरीक्षण के लिए अनुविभाग स्तरीय विशेष जांच दल गठित किए गए हैं।यह कार्रवाई भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय तथा आयुक्त, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, भोपाल से प्राप्त निर्देशों के पालन में की जा रही है। अभियान का उद्देश्य मोटर स्पिरिट (पेट्रोल) एवं हाई स्पीड डीजल में संभावित मिलावट, घटतौली तथा अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना है।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के चारों अनुविभाग—सिंगरौली, माड़ा, देवसर एवं चितरंगी में संयुक्त जांच दलों का गठन किया गया है। प्रत्येक दल में संबंधित अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, नापतौल निरीक्षक तथा संबंधित ऑयल कंपनियों के सेल्स ऑफिसर को शामिल किया गया है, ताकि निरीक्षण प्रक्रिया निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके। कलेक्टर ने गठित जांच दलों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंपों का आगामी सात दिवस के भीतर सघन एवं आकस्मिक निरीक्षण कर प्रतिवेदन जिला कार्यालय को प्रस्तुत करें। निरीक्षण के दौरान ईंधन की गुणवत्ता, स्टॉक का सत्यापन एवं नापतौल की सटीकता का परीक्षण किया जाएगा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी पेट्रोल पंप पर घटतौली, ईंधन में मिलावट अथवा अन्य किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित संचालक के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने कहा है कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा एवं पारदर्शी ईंधन वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।












