अग्नि-4 का सफल परीक्षण, भारत की सैन्य ताकत बढ़ी

नई दिल्ली। भारत ने ओडिशा के चांदीपुर स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज से मध्यम दूरी की परमाणु सक्षम बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि-4 का सफल परीक्षण किया। रक्षा मंत्रालय के अनुसार परीक्षण स्ट्रेटेजिक फोर्सेज कमांड और डीआरडीओ के संयुक्त सहयोग से किया गया। परीक्षण के दौरान मिसाइल के सभी निर्धारित तकनीकी और संचालन संबंधी मानकों को सफलतापूर्वक परखा गया।
अग्नि-4 सतह से सतह पर मार करने वाली दो चरणों वाली बैलिस्टिक मिसाइल है, जो ठोस ईंधन से संचालित होती है। इसकी मारक क्षमता करीब 4,000 किलोमीटर तक बताई जाती है। यह परीक्षण देश की रणनीतिक और रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राजनाथ सिंह ने दी बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सफल परीक्षण के लिए डीआरडीओ और स्ट्रेटेजिक फोर्सेज कमांड को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह परीक्षण देश की रक्षा क्षमता को मजबूत करने के साथ अत्याधुनिक तकनीक के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इससे पहले चांदीपुर से पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट का भी सफल परीक्षण किया गया था। इसके अलावा जून में स्वदेशी लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज मिसाइल का परीक्षण भी सफल रहा था।













