बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

गौर क्षेत्र में आरा मशीन पर वन विभाग का छापा, टाल सील, बड़ी मात्रा में लकड़ी जब्त

जबलपुर. शहर से लगे गौर क्षेत्र में लकड़ी की टाल की आड़ में संचालित अवैध आरा मशीन पर वन विभाग ने गुरुवार देर रात छापामार कार्रवाई की. एसडीओ और रेंजर के नेतृत्व में पहुंची टीम को मौके पर आरा मशीन संचालित होती मिली. साथ ही आम, शीशम समेत बड़ी मात्रा में लकडिय़ां भी बरामद हुईं. दस्तावेज नहीं मिलने पर वन विभाग ने टाल को सील कर जांच शुरू कर दी है.

वन विभाग के अनुसार टाल संचालक बंटी ठाकुर के पास लकड़ी की टाल संचालित करने का लाइसेंस था, जिसके तहत वह लकडिय़ों का भंडारण और बिक्री कर सकता था. हालांकि, लकडिय़ों की चिराई के लिए आरा मशीन संचालित करने की अनुमति नहीं थी. छापे के दौरान जब अधिकारियों ने आरा मशीन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो संचालक उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सका. प्रारंभ में उसने सभी दस्तावेज होने का दावा किया, लेकिन अधूरे कागजात ही दिखा पाया.

देर रात की कार्रवाई, टाल किया सील

वन विभाग की टीम ने काफी देर तक मशीन के लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों का इंतजार किया. दस्तावेज प्रस्तुत नहीं होने और बिना अनुमति लंबे समय से लकड़ी चिराई किए जाने की आशंका के आधार पर अधिकारियों ने पंचनामा तैयार कर टाल को सील कर दिया.

लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें

वन विभाग के एसडीओ आकाश साहू ने बताया कि गौर क्षेत्र में संचालित इस टाल की अनियमितताओं की शिकायत लंबे समय से मिल रही थी. शिकायत डीएफओ पुनीत सोनकर तक पहुंचने के बाद उनके निर्देश पर टीम गठित कर औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण में आरा मशीन का वैध लाइसेंस नहीं मिला, जिसके चलते काष्ठ चीरान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई.

लकडिय़ों के दस्तावेजों की भी होगी जांच

वन विभाग अब टाल में रखी बड़ी मात्रा में काष्ठ की भी जांच कर रहा है. अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि लकडिय़ों के वैध दस्तावेज हैं या नहीं और उन्हें कहां से लाया गया था. जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Author

Related Articles

Back to top button