पीएम के साथ नाश्ते पर जुटे एनडीए के नए सांसद, संसद के कामकाज पर जताई चिंता

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को एनडीए में शामिल हुए नए सांसदों के साथ नाश्ते पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सांसदों से सहज माहौल में बातचीत कर उनके संसदीय क्षेत्रों और विकास कार्यों की जानकारी ली।
नाश्ते के दौरान संसद की कार्यवाही बार-बार बाधित होने पर प्रधानमंत्री ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संसद का लगातार स्थगित होना उचित नहीं है और सदन का सुचारू संचालन जरूरी है।
प्रधानमंत्री ने सांसदों को स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने दिनचर्या बेहतर बनाने, नियमित योग करने और स्वस्थ रहने पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ रहकर ही जनसेवा और जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभाया जा सकता है।
बैठक में एनसीपीआई के 19 सांसदों के शामिल होने की बात सामने आई। सांसदों ने प्रधानमंत्री के साथ हुई बातचीत को सकारात्मक बताया। वहीं, नए शिवसेना सांसदों से अलग मुलाकात में प्रधानमंत्री ने विकास कार्यों में तेजी लाने और सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की सलाह दी।
मोदी ने सांसदों से कहा कि उनके क्षेत्र में किसी विकास परियोजना में अड़चन आती है तो वे पीएमओ से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने सांसदों से स्थानीय विकास योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी भी ली।













