युवाओं की आवाज दबाने के बजाय काम करे सरकार : केजरीवाल

नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर युवाओं और छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को वीडियो ब्लॉग के जरिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से युवाओं की नाराजगी दूर करने और रचनात्मक कामों पर ध्यान देने की सलाह दी।
केजरीवाल ने दावा किया कि सरकार सोशल मीडिया पर उसकी आलोचना करने वाली पोस्ट और वीडियो हटाने के लिए नए प्रावधान लाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक, भ्रष्टाचार और अन्य मुद्दों पर आवाज उठाने वाली सामग्री को हटाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा विरोध प्रदर्शनों को रोकना उचित नहीं है। जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन को उन्होंने लंबे समय से जमा युवाओं के गुस्से का परिणाम बताया।
केजरीवाल ने कहा कि सरकार लोगों को डराने या उनकी आवाज दबाने के बजाय ऐसे काम करे, जिनसे जनता उसकी सराहना करे। उन्होंने चेतावनी दी कि युवाओं की आवाज जितनी दबाई जाएगी, उनका गुस्सा उतना ही बढ़ेगा।
एक दिन पहले केजरीवाल ने मेटा इंडिया पर भी निशाना साधते हुए अपने अकाउंट पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए थे।













