छात्रों की आवाज दबा रही सरकार : प्रियंका गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री संसद में आकर युवाओं से जुड़े सवालों का जवाब देने से बच रहे हैं। उन्होंने प्रयागराज में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की अनुमति रद्द किए जाने पर भी सरकार को घेरा।
प्रियंका गांधी ने कहा कि यदि छात्रों के साथ किसी तरह की गलती या ज्यादती हुई है तो सरकार को उसकी जिम्मेदारी लेते हुए संसद में जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के कार्यक्रमों के साथ लगातार ऐसा व्यवहार किया जा रहा है।
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने भी गृह मंत्री की संसद में मौजूदगी को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने मांग की कि छात्रों पर पैलेट गन और आंसू गैस के इस्तेमाल के आदेश को लेकर गृह मंत्री सदन में स्थिति स्पष्ट करें।
वहीं, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के जेन जी से जुड़े बयान पर कांग्रेस सांसदों ने भी प्रतिक्रिया दी। मणिक्कम टैगोर ने शिक्षा संस्थानों में आरएसएस के प्रभाव का आरोप लगाया।
कांग्रेस सांसद अमर सिंह ने शिक्षा महंगी होने और युवाओं को रोजगार नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी गृह मंत्री से छात्रों से जुड़े घटनाक्रम पर संसद में जवाब देने की मांग की।













