असम में बाढ़ पीड़ितों को राहत, 15 हजार की अंतरिम सहायता

गुवाहाटी। असम में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने घोषित उपायों को लागू करना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि प्रभावित लोगों तक तत्काल सहायता और पुनर्वास सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन 9 अगस्त से शुरू होगा।
सरकार के राहत पैकेज के तहत पात्र परिवारों को तत्काल जरूरतों के लिए 15 हजार रुपये की अंतरिम सहायता दी जाएगी। ओरुनोदोई योजना की राशि एक माह के लिए बढ़ाकर 2,500 रुपये की गई है। शिवसागर और चराइदेव के सबसे अधिक प्रभावित परिवारों को 10 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता मिलेगी।
बाढ़ में मृत लोगों के परिजनों को बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट के 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। इसके अलावा ऋण भुगतान में छह माह की मोहलत, बिजली बिल और जमीन का लगान माफ करने जैसे उपाय भी घोषित किए गए हैं।
क्षतिग्रस्त नामघरों के पुनर्निर्माण के लिए 1.5 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। प्रभावित विद्यार्थियों को किताबें, स्कूल यूनिफॉर्म और आवश्यक प्रमाणपत्रों की डुप्लीकेट प्रतियां उपलब्ध कराने के लिए भी मदद दी जाएगी। राज्य के 15 जिलों में 1.68 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।













