बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

स्वास्थ्य मुद्दों पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने लोकसभा में रखे तीन प्रतिवेदन

वेक्टर जनित रोग, सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं और CKD पर दिए सुझाव

सिंगरौली/सीधी। सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने शुक्रवार को लोकसभा में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय से संबंधित तीन महत्वपूर्ण प्रतिवेदन प्रस्तुत किए। इन प्रतिवेदनों में देश की स्वास्थ्य व्यवस्था, गंभीर बीमारियों की रोकथाम और उपचार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से शामिल किया गया है।

सांसद डॉ. मिश्रा ने उत्तर-पूर्व भारत में वेक्टर जनित रोगों के अध्ययन से संबंधित 175वां प्रतिवेदन सदन के पटल पर रखा। इसके साथ ही सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की किफायती और सुलभ उपलब्धता पर 176वां तथा भारत में किडनी संबंधी चिरकालिक रोग (CKD) की व्यापकता, रोकथाम, निदान, उपचार एवं प्रबंधन पर 177वां प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

इन प्रतिवेदनों का उद्देश्य देश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुलभ और किफायती बनाने के साथ-साथ गंभीर एवं दीर्घकालिक बीमारियों की समय पर पहचान और बेहतर उपचार व्यवस्था के लिए आवश्यक सुझाव देना है।

डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने गंभीर बीमारियों की रोकथाम के लिए जागरूकता बढ़ाने, समय पर जांच और बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था से ही स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

Author

Related Articles

Back to top button