55 श्रद्धालुओं का जत्था जगन्नाथ पुरी रवाना
जय जगन्नाथ के जयघोष से भक्तिमय हुआ माहौल

सिंगरौली। हैहयवंशी क्षत्रिय ताम्रकार (कसेरा) समाज, जिला सिंगरौली के तत्वावधान में गुरुवार को वैढ़न से 55 श्रद्धालुओं का जत्था भगवान जगन्नाथ धाम पुरी (ओडिशा) की सात दिवसीय तीर्थयात्रा के लिए रवाना हुआ। धार्मिक उत्साह और जयघोष के बीच श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देकर यात्रा प्रारंभ कराई गई।
तीर्थयात्रा में शामिल श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा के दर्शन-पूजन कर जिले एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था को मजबूत करना और श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करना है।
ताम्रकार समाज अध्यक्ष संजय ताम्रकार ने बताया कि यात्रा सात दिनों की होगी। सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन, ठहरने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समाज के सहयोग से की गई हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा आयोजन में संजय ताम्रकार और रामू ताम्रकार का विशेष योगदान रहा है।
यात्रा रवाना होने से पहले उपस्थित लोगों ने श्रद्धालुओं का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर संयुक्त व्यापार मंडल अध्यक्ष राजाराम केशरी, अग्रवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल, सजन अग्रवाल, अजय जायसवाल, भारत विकास परिषद के सेवा प्रमुख अशोक सिंह, भानू अग्रहरी, पूर्व पार्षद हरिदास गुप्ता, स्वर्णकार समाज अध्यक्ष सत्यनारायण सोनी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। जय जगन्नाथ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।













