बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

पाइपलाइन लीकेज से रोज बर्बाद हो रहा लाखों लीटर पानी

वार्ड-40 में नल-जल योजना के काम पर उठे सवाल, सड़क पर बने गड्ढे भी बने परेशानी

सिंगरौली। शहर के वार्ड-40 में नल-जल योजना के तहत कराए गए कार्यों की लापरवाही अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। कोतवाली मोड़, महिला थाना और स्टेट बैंक तिराहे के पास पाइपलाइन बिछाने के बाद निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। जलापूर्ति शुरू होते ही पाइपलाइन से तेज रिसाव होने लगता है और करीब एक घंटे तक लाखों लीटर पानी सड़क पर बहकर नालियों में चला जाता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या की शिकायत कई बार संबंधित विभाग से की जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो पाइपलाइन की मरम्मत कराई गई और न ही पानी की बर्बादी रोकने के लिए कोई ठोस पहल हुई है। इससे एक ओर जहां पेयजल की बर्बादी हो रही है, वहीं दूसरी ओर सड़क पर जलभराव की स्थिति भी बन रही है।

पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढों को भी ठीक तरीके से नहीं भरा गया है। व्यस्त तिराहे और मोड़ पर बने गड्ढों के कारण आए दिन वाहन चालक परेशान होते हैं। दोपहिया वाहन चालकों के साथ दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

नागरिकों ने जिम्मेदार अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर तत्काल पाइपलाइन लीकेज ठीक कराने, सड़क को व्यवस्थित कराने और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि एक ओर जल संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है, वहीं शहर के बीचों-बीच बड़ी मात्रा में पेयजल का व्यर्थ बहना व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button