कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केन्द्र सिद्धिकला का किया औचक निरीक्षण
निर्धारित समय पर उप स्वास्थ्य केन्द्र बंद मिलने पर सीएचओ के एक माह के वेतन कटौती एवं कारण बताओ नोटिस के दिए निर्देश

सिंगरौली। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने खम्हारिया क्लस्टर के आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप स्वास्थ्य केन्द्र) सिद्धिकला का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उप स्वास्थ्य केन्द्र निर्धारित समय पर बंद पाए जाने पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के विरुद्ध एक माह के वेतन कटौती की कार्रवाई करने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और आमजन को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर निर्धारित समय पर नियमित रूप से संचालित हों। उन्होंने सभी स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सिंगरौली सुरेश जाधव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।













