ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

किराये के कमरे में मिला युवक का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

नवानगर पुलिस जांच में जुटी, मौत के कारणों का नहीं हुआ खुलासा

सिंगरौली। नवानगर थाना क्षेत्र में किराये के मकान में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गाजीपुर निवासी संतोष राय उर्फ सनी के रूप में हुई है, जो पिछले करीब एक वर्ष से नवानगर क्षेत्र में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के रूप में कार्यरत था।

जानकारी के अनुसार संतोष पिछले दो दिनों से अपने कमरे से बाहर नहीं निकला था। मकान मालिक अखिलेश कुमार वर्मा को जब संदेह हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची नवानगर पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया, जहां युवक का शव जमीन पर पड़ा मिला।

प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस के अनुसार मृतक नशे का आदी बताया जा रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है।

नवानगर थाना प्रभारी राकेश साहू ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button