रोजगार के मुद्दे पर 11 अगस्त को कलेक्ट्रेट घेराव, युवा अधिकार आंदोलन का ऐलान
बेरोजगार युवाओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील, रिज्यूम और आधार कार्ड लेकर पहुंचने का आह्वान

सिंगरौली। जिले में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग को लेकर युवा रोजगार अधिकार आंदोलन का आयोजन 11 अगस्त 2026, मंगलवार को किया जाएगा। आंदोलन के तहत सुबह 11 बजे से कलेक्टर कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन एवं कलेक्ट्रेट घेराव किया जाएगा।
आयोजकों ने सिंगरौली जिले के बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होकर रोजगार के अधिकार की आवाज को मजबूत करें। युवाओं से अपना रिज्यूम/बायोडाटा एवं सिंगरौली जिले के आधार कार्ड की छायाप्रति साथ लाने को कहा गया है, ताकि जिले के बेरोजगार युवाओं का वास्तविक विवरण प्रशासन को सौंपा जा सके।
आंदोलन से जुड़े लोगों का कहना है कि सिंगरौली देश के प्रमुख औद्योगिक और ऊर्जा केंद्रों में शामिल है, इसके बावजूद बड़ी संख्या में स्थानीय युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने और रोजगार संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है।
आयोजकों ने कहा कि अधिकारों के लिए संघर्ष और एकजुटता जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपने साथ अन्य बेरोजगार साथियों और मित्रों को भी आंदोलन में शामिल करने की अपील की है।
“एकजुट युवा—मजबूत आवाज” के नारे के साथ युवाओं से 11 अगस्त को बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचने का आह्वान किया गया है।













