खम्हनिया में गूंजे जय जोहार के स्वर, बैगा समाज संघ ने धूमधाम से मनाया विश्व आदिवासी दिवस
आदिवासी संस्कृति, परंपरा और एकजुटता का दिया संदेश; शिक्षा व संगठन पर जोर

सिंगरौली। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर बैगा समाज संघ मध्यप्रदेश के तत्वावधान में विकासखंड चितरंगी के शासकीय प्राथमिक पाठशाला खम्हनिया परिसर में भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश, जिला, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने सहभागिता कर आदिवासी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बैगा समाज संघ के जिला अध्यक्ष रामशाह बैगा रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला उपाध्यक्ष एवं जनपद सदस्य कृष्णा देवी बैगा, जिला सचिव चंदूलाल बैगा और चितरंगी ब्लॉक अध्यक्ष किशुन प्रसाद बैगा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। इस दौरान जय नागा बैगा-बैगिन, जय जोहार और जय आदिवासी समाज के नारों से पूरा खम्हनिया क्षेत्र गूंज उठा। वक्ताओं ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की गौरवशाली संस्कृति, प्राचीन परंपराओं, अधिकारों और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा, संगठन और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
आयोजन में चितरंगी ब्लॉक सचिव रजिन्दर लाल बैगा, ब्लॉक उपाध्यक्ष विकास कुमार बैगा, बैढ़न ब्लॉक उपाध्यक्ष राज राखन बैगा, ब्लॉक महामंत्री बाबूलाल बैगा सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों में ग्राम पंचायत खम्हनिया के सरपंच तेज प्रताप सिंह, ग्राम पंचायत मोहगड़ी कोठार की सरपंच प्राने देवी बैगा, सोनभद्र से पहुंचे कमल कांत चेरो (बैगा) एवं वरिष्ठ समाजसेवी जनक धारी बैगा ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों एवं भोजपुरी गायक दीपक सतरंगी की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। समापन अवसर पर समाजसेवी मनिहारी बैगा, विश्वनाथ बैगा, रामनिहोर बैगा, धर्मचंद बैगा, विजय बहादुर बैगा, राम सिंह बैगा, संतलाल बैगा और रोशनलाल बैगा सहित सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।













