बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

PHE की पेयजल योजनाओं पर आप का हमला, बजट बढ़ोतरी को बताया बड़ा घोटाला

6 करोड़ की योजना 25 करोड़ पहुंची, राजेश सोनी ने मांगी तकनीकी जांच; 15 दिन में कार्रवाई नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

सिंगरौली। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) की पेयजल एवं रेट्रोफिटिंग योजनाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से जांच की मांग की है। आप के प्रदेश सचिव राजेश सोनी ने प्रभारी मंत्री को ज्ञापन सौंपकर चितरंगी और देवसर क्षेत्र की योजनाओं में हुई लागत वृद्धि और कार्यों की गुणवत्ता की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग उठाई है।

राजेश सोनी ने आरोप लगाया कि जिले की 9 ग्राम पंचायतों में रेट्रोफिटिंग एवं पाइपलाइन कार्यों के लिए स्वीकृत राशि 6.04 करोड़ रुपये थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 25.27 करोड़ रुपये कर दिया गया। उन्होंने इतनी बड़ी राशि वृद्धि पर सवाल उठाते हुए कहा कि करीब 19 करोड़ रुपये की अतिरिक्त लागत का तकनीकी आधार सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

आप नेता ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर पहले से बिछी पाइपलाइन को हटाकर दोबारा नई पाइपलाइन डाली जा रही है, जबकि पुरानी पाइपलाइन का रिकॉर्ड और उपयोगिता स्पष्ट नहीं है। उन्होंने नौगई द्वितीय (पराई) और खैरा सहित अन्य क्षेत्रों में हुए कार्यों की जांच की मांग की।

ज्ञापन के माध्यम से विभागीय प्रक्रिया, ठेकेदारों को दिए गए कार्यों और वित्तीय स्वीकृतियों की तकनीकी जांच कराने की मांग की गई है। राजेश सोनी ने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आम आदमी पार्टी जनता के मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरेगी और कलेक्ट्रेट का घेराव करेगी।

उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी महत्वपूर्ण योजना में पारदर्शिता और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। जनता के पैसों के दुरुपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button