ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

प्रभारी मंत्री ने की हर घर तिरंगा अभियान के तैयारियो की समीक्षा

अभियान को जनभागीदारी एवं पूरी गरिमा के साथ जिले में मनाया जायें-सम्पतिया उईके

हर घर फहरायेगा तिरंगा, राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन से बनेगा देश भक्ति का माहौल

सिंगरौली, / स्वाधीनता दिवस के अवसर पर जिले में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की समीक्षा जिले की प्रभारी मंत्री एवं मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने सूर्या भवन, एनटीपीसी में आयोजित बैठक में की। प्रभारी मंत्री ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को जिले में व्यापक जनभागीदारी एवं पूरी गरिमा के साथ आयोजित किया जाए। अभियान के दौरान तिरंगा रैलियों सहित विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन कर आम नागरिकों को राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक घर में तिरंगा फहराने के लिए नागरिकों को प्रेरित किया जाए तथा अभियान को जन-जन का अभियान बनाया जाए।

प्रभारी मंत्री ने हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में उपखंड अधिकारियों एवं एसडीओपी पुलिस को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संबंधित जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर तिरंगा रैली के समय एवं मार्ग का निर्धारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि रैली के निर्धारित समय में भारी वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित किया जाए तथा पर्याप्त बैरिकेडिंग एवं भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि तिरंगा रैलियों में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ स्व-सहायता समूह की महिलाएं, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं जन अभियान परिषद के सदस्य भी सक्रिय रूप से शामिल हों। पैदल एवं साइकिल रैलियों का आयोजन कर अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि तिरंगा रैलियों में जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, समाजसेवियों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। रैलियों के दौरान भारत माता एवं राष्ट्रहित पर आधारित आकर्षक झांकियां भी निकाली जाएं। उन्होंने अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए कहा कि विभिन्न माध्यमों से आम नागरिकों को तिरंगा रैलियों एवं अन्य आयोजनों की जानकारी दी जाए, जिससे अधिक से अधिक नागरिक उत्साहपूर्वक सहभागी बन सकें। प्रभारी मंत्री ने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के शासकीय संस्थानों के साथ-साथ आमजन को भी अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की सामूहिक अभिव्यक्ति है। अभियान के दौरान राष्ट्रगीत एवं देशभक्ति गीतों के सामूहिक गायन सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जिले में देशभक्ति का वातावरण निर्मित किया जाए।

बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने प्रभारी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में आज से अभियान की शुरुआत हो चुकी है। जिला स्तर के साथ-साथ विकासखंड स्तर पर भी अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर आमजन की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। बैठक के दौरान सिंगरौली विधानसभा के विधायक श्री राम निवास शाह, देवसर विधानसभा के विधायक श्री राजेन्द्र मेश्राम, सिहावल विधानसभा के विधायक श्री विश्वामित्र पाठक, धौहनी विधानसभा के विधायक श्री कुंवर सिंह टेकाम, नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय, कलेक्टर श्री गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक श्री सियाज के.एम., मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जगदीश गोमे, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सुन्दर लाल शाह, जनपद अध्यक्ष देवसर श्री प्रणव पाठक, विधायक प्रतिनिधि चितरंगी श्री रविन्द्र चतुर्वेदी सहित संबंधित जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button