तेज रफ्तार का कहर: पुरुषवानी बस और बोलेरो पिकअप में आमने-सामने भिड़ंत
चौराडांड़-जियावन मार्ग पर बड़ा हादसा टला, दोनों वाहन क्षतिग्रस्त

सिंगरौली। जिले के देवसर क्षेत्र अंतर्गत चौराडांड़-जियावन मार्ग पर सोमवार को तेज रफ्तार के चलते बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिंगरौली से सतना जा रही पुरुषवानी बस और सतना से किराना सामग्री लेकर आ रही बोलेरो पिकअप की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
गनीमत रही कि दुर्घटना में बस में सवार यात्री और दोनों वाहनों के चालक सुरक्षित बच गए। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चौराडांड़-जियावन मार्ग पर तेज रफ्तार और वाहन चालकों की लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। सोमवार को हुई दुर्घटना में भी प्रारंभिक तौर पर ओवरस्पीड को वजह माना जा रहा है। हालांकि हादसे की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
लगातार हादसों से बढ़ी चिंता
चौराडांड़-जियावन मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए यातायात निगरानी बढ़ाने, नियमित जांच अभियान चलाने और वाहन चालकों को जागरूक करने की आवश्यकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।











