बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

तेज बारिश के बीच सड़क पर गिरा पेड़, नवानगर निगाही मोड़ से सीएम पीडीआई तक घंटों जाम

सड़क के दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतार, जाम में एंबुलेंस भी फंसी; बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से कॉलोनीयों में छाया अंधेरा

सिंगरौली। मंगलवार देर शाम को हुई तेज बारिश के बीच नवानगर निगाही मोड़ से सीएम पीडीआई मार्ग पर अचानक एक बड़ा पेड़ सड़क के बीचों-बीच गिर गया। पेड़ गिरने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया और देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घंटों तक वाहन जाम में फंसे रहे, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बताया गया कि तेज बारिश के दौरान अचानक पेड़ सड़क पर आ गिरा। गनीमत रही कि जिस समय पेड़ गिरा, उस दौरान वहां से गुजर रहे किसी वाहन के ऊपर पेड़ नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। जाम की सूचना मिलते ही डायल 112 सहित नवानगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क से पेड़ हटाने का कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद मार्ग को आवागमन के लिए सुचारु कराया गया।

सड़क पर पेड़ गिरने से लगे जाम में एक एंबुलेंस भी काफी देर तक फंसी रही। हालांकि राहत की बात यह रही कि एंबुलेंस में उस समय कोई मरीज सवार नहीं था। यदि मरीज के साथ एंबुलेंस जाम में फंसती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

पेड़ गिरने का असर केवल यातायात पर ही नहीं पड़ा, बल्कि बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो गई। पेड़ और बिजली लाइन के क्षतिग्रस्त होने की वजह से आसपास की कॉलोनी में बिजली गुल रही और देर तक अंधेरा कायम रहा। बारिश के बीच बिजली आपूर्ति बाधित होने से स्थानीय रहवासियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में सड़क किनारे लगे पेड़ों और बिजली लाइनों की सुरक्षा को लेकर समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं से यातायात और बिजली व्यवस्था प्रभावित न हो।

Author

Related Articles

Back to top button