मायावती का ब्राह्मण समाज को संदेश—बसपा से मजबूती से जुड़ें, 2007 की तरह मिलेगा सम्मान

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने ब्राह्मण समाज सहित सर्वसमाज के लोगों से पार्टी से मजबूती के साथ जुड़े रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बसपा ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति पर काम करती है और संविधान की मूल भावना के अनुरूप सभी वर्गों के हित और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
मायावती ने कहा कि पार्टी में नेताओं से अधिक समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को महत्व दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग निजी और पारिवारिक स्वार्थों के चलते पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टियों में चले गए, जिससे बसपा को चुनावों में नुकसान उठाना पड़ा।
उन्होंने कहा कि पार्टी में पुराने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन में नए कर्मठ और ईमानदार कार्यकर्ताओं, विशेषकर युवाओं को तैयार करने का अभियान लगातार जारी है। मायावती ने उम्मीद जताई कि नए और पुराने कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
2007 की तर्ज पर भागीदारी का भरोसा
बसपा प्रमुख ने विशेष रूप से ब्राह्मण समाज से पार्टी के साथ मजबूती से जुड़े रहने की अपील करते हुए कहा कि चुनावों में उनकी तैयारी के आधार पर उचित राजनीतिक भागीदारी दी जाएगी। सरकार बनने पर 2007 की तरह ब्राह्मण समाज सहित सभी वर्गों को उचित मान-सम्मान और भागीदारी देने का भरोसा भी उन्होंने दिलाया।
मायावती ने कहा कि सर्वसमाज की भागीदारी बसपा की ताकत है और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में दलित समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।













