देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

भूत की अफवाह से आश्रम स्कूल खाली, 608 छात्राएं पहुंचीं घर; प्रशासन ने बताया मास हिस्टीरिया

 

अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती जिले के आदिवासी बहुल मेलघाट क्षेत्र के डोमा गांव स्थित सरकारी आश्रम स्कूल में भूत की अफवाह फैलने के बाद दहशत का माहौल बन गया। डर के चलते स्कूल की 608 छात्राएं और छात्र अपने घर लौट गए।

जानकारी के अनुसार स्कूल में कुछ छात्राओं के अचानक रोने, हंसने और फिर शांत हो जाने की घटना के बाद परिसर में भूत होने की अफवाह फैल गई। शुरुआत में करीब 16 छात्र-छात्राओं में ऐसे लक्षण दिखाई दिए थे। कुछ बच्चों ने स्कूल परिसर में घुंघरुओं जैसी आवाज सुनाई देने का दावा भी किया, जिसके बाद डर तेजी से फैल गया।

मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम स्कूल पहुंची। चिकित्सकों ने जांच के बाद इसे मास हिस्टीरिया यानी सामूहिक मनोवैज्ञानिक बीमारी का मामला बताया। अधिकारियों के अनुसार तनाव, डर और अफवाह के कारण कई बच्चों में एक जैसी मानसिक और शारीरिक प्रतिक्रियाएं दिखाई देने लगीं।

स्कूल की व्यवस्थाओं पर भी उठे सवाल

घटना के बाद आश्रम स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों ने माना कि स्कूल में जगह की कमी, क्षमता से अधिक छात्रों का रहना, भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई जैसी समस्याओं की शिकायतें सामने आई हैं। अधिकारियों ने यह भी कहा कि समय पर काउंसलिंग नहीं होने से बच्चों में डर बढ़ गया।

कुछ अभिभावकों ने घटना को स्कूल परिसर में महुआ का पेड़ काटे जाने से जोड़ने की बात कही, हालांकि प्रधानाध्यापक संजय चौधरी ने इसे गलत बताया। उन्होंने कहा कि पेड़ करीब छह वर्ष पहले काटा गया था और वर्तमान घटना का उससे कोई संबंध नहीं है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आदिवासी आयुक्त लीना राठौड़ ने स्कूल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वहीं अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति की टीम ने भी बच्चों की काउंसलिंग कर उन्हें जागरूक किया। प्रशासन अब छात्रों और ग्रामीणों के बीच अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button