पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी का शव फंदे से लटका मिला, सुसाइड नोट भी बरामद

रामपुरहाट। पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक और विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। रविवार सुबह उनका शव घर के पास स्थित पार्टी कार्यालय में फंदे से लटका मिला। घटनास्थल से कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
परिजनों और पड़ोसियों के अनुसार, सुबह पार्टी कार्यालय का दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से देखने पर घटना का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कथित सुसाइड नोट में क्या लिखा है, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
आशीष बनर्जी लंबे समय तक रामपुरहाट से विधायक रहे। उन्होंने विधानसभा के डिप्टी स्पीकर के अलावा पश्चिम बंगाल सरकार में स्कूल शिक्षा और कृषि विभाग की जिम्मेदारी भी संभाली थी। 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्हें भाजपा प्रत्याशी ध्रुव साहा से 24 हजार से अधिक मतों से हार का सामना करना पड़ा था।
पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कथित सुसाइड नोट की जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।













