देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

नादिया में कांग्रेस नेता और बेटे की गोली मारकर हत्या, कार पर बम फेंकने के बाद की फायरिंग

 

नकाशीपाड़ा। पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में शनिवार रात बदमाशों ने कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष अनीसुर शेख और उनके बेटे अबू सुफियान की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार अनीसुर शेख अपने बेटे के साथ कार से खरीदारी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान नकाशीपाड़ा थाना क्षेत्र के बेथुआदहरी-नागाडी रेलवे क्रॉसिंग के पास बदमाशों ने उनकी कार को रोक लिया। आरोप है कि पहले कार पर बम फेंका गया और इसके बाद बदमाशों ने पिता-पुत्र पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बेथुआदहरी स्टेट जनरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

अनीसुर शेख नकाशीपाड़ा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष थे और लंबे समय से राजनीति में सक्रिय थे। उनका बेटा अबू सुफियान कल्याणी में कानून की पढ़ाई कर रहा था और इन दिनों घर आया हुआ था।

नादिया के पुलिस अधीक्षक अतुल वी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पुलिस पुरानी रंजिश सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button