झालावाड़ में बस ने 6 श्रद्धालुओं को कुचला, 4 की मौत; दो गंभीर

झालावाड़। राजस्थान के झालावाड़ जिले में शनिवार देर रात दर्दनाक हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। पातला पीर धार्मिक स्थल से दर्शन कर लौट रहे छह श्रद्धालु सड़क किनारे खड़े थे, तभी एक निजी बस ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में तीन लोगों ने उपचार के दौरान रात में दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल की मौत रविवार सुबह हुई। मृतकों की पहचान रामगंजमंडी निवासी हामिद खान, तालिब, रेहान (20) और कोटा के गोविंद नगर निवासी अल्फेज (25) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार हादसे में घायल सभी लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। हामिद खान को खानपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जबकि अन्य घायलों का झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी में बारिश और सड़क पर फिसलन के कारण बस के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने हादसे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सारोला थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।













