बिजली और खेल मैदान के मुद्दे पर जनपद सदस्य व पूर्व सरपंच में तीखी बहस
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, जनपद सदस्य ने पूर्व सरपंच पर लगाए गंभीर आरोप

सिंगरौली। बैढ़न जनपद पंचायत क्षेत्र के सखौहा गांव में बिजली की समस्या और खेल मैदान के मुद्दे को लेकर जनपद सदस्य पारस प्रजापति और पूर्व सरपंच पवन सिंह के बीच तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो एक दिन पहले का है।
जानकारी के अनुसार गांव में बिजली व्यवस्था खराब होने को लेकर जनपद सदस्य पारस प्रजापति ने पूर्व सरपंच पवन सिंह की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे नाकामी बताया। इसी दौरान बातचीत ने विवाद का रूप ले लिया और दोनों के बीच जोरदार बहस होने लगी।
कागजों में खेल मैदान बनाने का आरोप
बहस के दौरान शांति धाम के पास प्रस्तावित खेल मैदान का मुद्दा भी सामने आया। जनपद सदस्य पारस प्रजापति ने आरोप लगाया कि मौके पर खेल मैदान दिखाई नहीं देता, जबकि कागजों में खेल मैदान का निर्माण दर्शाया गया है और इसके लिए राशि भी निकाले जाने की बात कही जा रही है।
जनपद सदस्य ने कहा कि वह जनपद पंचायत से संबंधित दस्तावेज निकलवाकर मामले की जानकारी सामने लाएंगे और यदि अनियमितता पाई जाती है तो पूरे मामले का खुलासा करेंगे।
वहीं, वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। वीडियो वायरल होने के बाद गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और पूर्व सरपंच का पक्ष सामने आना बाकी है।













