विंध्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई की अनूठी पहल, 12वीं के प्रेसिडेंट सचिन और 11वीं के वाइस प्रेसिडेंट अग्नाश ने फहराया तिरंगा

सरई। स्वतंत्रता दिवस के 80वें राष्ट्रीय पर्व पर विंध्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई में इस बार समारोह का स्वरूप कुछ अलग और प्रेरणादायी नजर आया। विद्यालय ने लोकतांत्रिक मूल्यों और विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में अनूठी पहल करते हुए विद्यालय के प्रेसिडेंट सचिन प्रजापति, कक्षा 12वीं एवं वाइस प्रेसिडेंट अग्नाश चतुर्वेदी, कक्षा 11वीं के हाथों ध्वजारोहण कराया। विद्यार्थियों को सम्मान और जिम्मेदारी सौंपने की इस पहल ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। तिरंगे की शान में आयोजित समारोह में विद्यालय के डायरेक्टर रमापति जायसवाल, प्राचार्य, नगर परिषद सरई के उपाध्यक्ष विजय गुप्ता तथा विद्यालय के अभिभावक एवं शिक्षाविद् डॉ. एल.के. पांडे, पूर्व प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरका, विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह में डॉ. पांडे जी का मुख्य अतिथि के रूप में सानिध्य प्राप्त हुआ।
ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान की सामूहिक स्वर-लहरियों से विद्यालय परिसर गूंज उठा। तिरंगे की छांव में खड़े विद्यार्थियों के चेहरों पर देशप्रेम और गौरव का भाव स्पष्ट दिखाई दे रहा था। यह दृश्य मानो स्वतंत्रता के उन अमर सेनानियों को नमन कर रहा था, जिनके त्याग और बलिदान के कारण आज देश स्वतंत्रता की खुली हवा में सांस ले रहा है।समारोह का अगला पड़ाव सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं, जहां विद्यालय के भैया-बहनों ने अपनी कला, प्रतिभा और आत्मविश्वास का अद्भुत परिचय दिया। देशभक्ति से ओतप्रोत गीत, नृत्य एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थितजनों को भावविभोर कर दिया। नन्हे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में दिखाई दे रहा आत्मविश्वास विद्यालय में शिक्षा के साथ संस्कार एवं व्यक्तित्व निर्माण पर दिए जा रहे विशेष जोर को दर्शाता रहा। समारोह में विद्यालय में अध्ययनरत छात्र छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में अभिभावकगण एवं क्षेत्र के सैकड़ों प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की भव्यता को और ऊंचाई प्रदान की। विद्यालय के डायरेक्टर रमापति जायसवाल ने इस अवसर पर देश, प्रदेश, संभाग, जिला एवं सरई क्षेत्र के समस्त नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को जिम्मेदारी और नेतृत्व का अवसर देना ही उन्हें भविष्य के सक्षम नागरिक के रूप में तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। समारोह का समापन राष्ट्रप्रेम, एकता और देश के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ।













