शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस,नगर परिषद अध्यक्ष ने किया ध्वजारोहण

सरई। शनिवार को देशभर में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में सिंगरौली जिले के नगर परिषद सरई स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय एवं देशभक्तिपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद सरई की अध्यक्ष अनुराधा सिंह मरकाम जी द्वारा विधिवत एवं गरिमामय रूप से ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रध्वज को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रसेवा का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेंद्र सिंह उईके जी, नगर परिषद सरई के समस्त पार्षदगण, एल्डरमैन, गणमान्य नागरिक, विद्यालय की छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालय स्टाफ सहित नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी व आमजन उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में देशभक्ति का वातावरण देखने को मिला। छात्राओं में भी राष्ट्रप्रेम एवं उत्साह की झलक दिखाई दी। उपस्थित अतिथियों ने छात्राओं को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेते हुए देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का संदेश दिया। नगर परिषद अध्यक्ष अनुराधा सिंह मरकाम एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेंद्र सिंह उईके ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता हमें अनेक वीर सपूतों के त्याग और संघर्ष से प्राप्त हुई है। आज आवश्यकता है कि हम अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए राष्ट्र की प्रगति में योगदान दें। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा।













