देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

लखीसराय के अशोकधाम में करंट की अफवाह से मची भगदड़: 7 महिलाओं की मौत, 23 घायल

लखीसराय। बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर के रास्ते पर सोमवार को सावन के तीसरे सोमवार के मौके पर भारी भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 7 महिला श्रद्धालुओं की दबने से मौत हो गई, जबकि 23 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। घायलों में 3 की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

अफवाह के कारण मची अफरा-तफरी
जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार के अनुसार, मंदिर मार्ग पर पुरुषों की कतार की तरफ एक खंभा गिर गया था। इसके बाद अचानक भीड़ में करंट फैलने की अफवाह उड़ गई, जबकि वह केवल इंटरनेट/डिश की केबल का तार था। करंट की बात सुनते ही दर्शनार्थियों में भगदड़ मच गई और बैरिकेडिंग टूट गई। पुरुषों की भीड़ का भारी दबाव महिलाओं की कतार पर पड़ा, जिससे कई महिलाएं नीचे गिर गईं और कुचली गईं।

मुआवजा और जांच के आदेश
मृतकों में अब तक लखीसराय की मधुबाला देवी, मनमाला देवी, हेमलता देवी और मुंगेर की रिंकू देवी की पहचान हो चुकी है। हादसे पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, मंत्री विजय सिन्हा और मंत्री केदार गुप्ता ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है तथा पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button