ग्राम पंचायत गोभा के केरवा गावं में बाँध टूटा, 50 एकड़ धान की फसल बर्बाद

सिंगरौली- गोभा पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गोभा के ग्राम केरवा में बहेरा खड़िया नाला पर वर्ष 2008-09 में बने बाँध को दिनांक 16/08/2026 व 17/08/2026 की मध्यरात्रि में हुई मूसलाधार बारिश ने तोड़ दिया। बाँध टूटने से लगभग 50 किसानों की करीब 50 एकड़ में लगी धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई।इस बाँध से लगभग 150 परिवार सिंचाई का लाभ लेते थे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बाँध टूटने का मुख्य कारण आपातकालीन जल निकासी द्वार पर मछली पालन करने वाले व्यक्ति द्वारा लोहे की जाली लगाकर पानी का बहाव रोक दिया जाना है।जल का अत्यधिक भराव होने से बाँध पानी के दबाव को सहन नहीं कर सका और टूट गया। ग्रामवासियों ने बताया कि असजूद बेग पिता शमशीर बेग, निवासी ग्राम गोभा, पिछले लगभग तीन वर्षों से उक्त बाँध में अवैध तरीके से मछली पालन कर रहा था। उसने बाँध को अपने कब्जे में ले लिया था और स्थानीय लोगों को नहाने-धोने तथा सिंचाई के लिए पानी इस्तेमाल करने से बलपूर्वक रोकता था।

असजूद बेग द्वारा आपातकालीन निकासी द्वार पर लगाई गई लोहे की जाली ने पानी के बहाव को पूरी तरह बाधित कर दिया, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।घटना मध्यरात्रि में हुई, इसलिए किसी व्यक्ति की जान नहीं गई। स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर जबरदस्त आक्रोश है।ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन से असजूद बेग के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और फसल क्षति की भरपाई की मांग की है।













