बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक आयोजित

तेलाई-मकरोहर मार्ग क्षतिग्रस्त होने पर संबंधित अधिकारी एवं कॉन्ट्रैक्टर से क्षतिपूर्ति वसूली के निर्देश

एमपीआरडीसी क्षतिग्रस्त सड़क का तत्काल निर्माण एवं मरम्मत कार्य करे पूर्ण
अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों की जांच कर दोषी निर्माण एजेंसियों पर करें दंडात्मक कार्रवाई:- कलेक्टर

सिंगरौली, / कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों से लंबित प्रकरणों, शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, निर्माण कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में तेलाई-मकरोहर मार्ग के क्षतिग्रस्त होने के प्रकरण को कलेक्टर ने गंभीरता से लेते हुए नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि बिना अनुमति सड़क काटकर सीवर अथवा पाइप लाइन डालने तथा कार्य पूर्ण होने के बाद सड़क की मरम्मत में लापरवाही करने पर पर संबंधित कार्यपालन यंत्री, नगर निगम एवं कॉन्ट्रैक्टर से क्षतिपूर्ति राशि की वसूली की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने एमपीआरडीसी को क्षतिग्रस्त सड़क का तत्काल निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि संबंधित निर्माण एजेंसी की पूर्व अनुमति एवं सूचना के पश्चात ही किसी सड़क पर पेयजल, सीवर अथवा गैस पाइप लाइन डालने जैसे कार्य किए जाएं।

कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को निर्देशित किया कि अतिवृष्टि के कारण क्षतिग्रस्त हुई पुल-पुलियों का निरीक्षण कराकर आवश्यक मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य तत्काल सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन कार्य-एजेंसियों द्वारा निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई है अथवा गुणवत्ता में कमी पाई गई है, उनके कार्यों की आरईएस विभाग के माध्यम से जांच कराई जाए। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी कार्य-एजेंसियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने के साथ आवश्यकतानुसार एफआईआर भी दर्ज कराई जाए। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा एवं अतिवृष्टि के कारण क्षतिग्रस्त अधोसंरचनाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा आमजन की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित की जाए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि बाढ़ एवं आपदा प्रभावित क्षेत्रों में संयुक्त दल गठित कर सर्वे कराया जाए। यदि किसी क्षेत्र में गर्भवती महिला का प्रसव निकट है तो उसे समय रहते सुरक्षित स्थल पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उसका सुरक्षित संस्थागत प्रसव कराया जा सके।

कलेक्टर ने चितरंगी क्षेत्र के बगदरा क्लस्टर में आयोजित होने वाले जन विश्वास अभियान शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन की तिथि से पूर्व बगदरा क्लस्टर के अंतर्गत आने वाले ग्रामों का भ्रमण करें। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लंबित प्रकरणों का चिन्हांकन करने के साथ हितग्राहीमूलक योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। राशन वितरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि मैदानी अमले को सक्रिय कर अगस्त एवं सितंबर माह के राशन का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने एसडीएम सिंगरौली को निर्देशित किया कि एनसीएल ब्लॉक-बी गोरबी में विस्थापन प्रक्रिया पूर्ण कराने के लिए शिविर आयोजित कर छूटे हुए विस्थापितों के आवश्यक दस्तावेज जमा कराए जाएं। एनसीएल प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित कर प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में परिवर्तित करने तथा पात्र हितग्राहियों को पट्टा जारी करने की कार्यवाही भी प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी एवं जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आवेदकों को समय पर राहत उपलब्ध कराई जाए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे, अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, सहायक कलेक्टर सुश्री सौम्या मिश्रा, एसडीएम सिंगरौली सुरेश जाधव, एसडीएम देवसर सौरभ मिश्रा, एसडीएम माड़ा नंदन तिवारी, एसडीएम चितरंगी देवेन्द्र द्विवेदी, नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान सहित सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button