जेम्स बेकरी स्टोर पर छापा, 3200 किलो संदिग्ध मिठाई जब्त
वाराणसी से मंगाई गई थी मिठाई, निर्माण तिथि और गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर लिए गए नमूने

सिंगरौली, 17 अगस्त। कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम सिंगरौली सुरेश जाधव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी और राजस्व निरीक्षक की संयुक्त टीम ने माजनखुर्द स्थित जेम्स डिपार्टमेंटल एवं बेकरी स्टोर पर औचक कार्रवाई की। स्टोर में अमानक खाद्य सामग्री भंडारित किए जाने की शिकायत मिलने के बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
निरीक्षण के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में मिठाई भंडारित मिली। जानकारी के अनुसार यह मिठाई वाराणसी से मंगाई गई थी और आगामी त्योहारों के दौरान बिक्री के लिए रखी गई थी। मिठाइयों की निर्माण तिथि और गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने नियमानुसार नमूने लिए।
कार्रवाई के दौरान करीब 3200 किलोग्राम मिठाई जब्त की गई। टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर जब्त सामग्री को स्टोर संचालक की सुपुर्दगी में रखा। प्रशासन ने संचालक को निर्देश दिए कि जांच पूरी होने तक मिठाई को न तो बेचा जाए और न ही नष्ट किया जाए।
प्रयोगशाला जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मिठाई की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर स्टोर संचालक के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।













