‘महान’ की पहचान सिर्फ उत्पादन नहीं, सुरक्षा और जिम्मेदारी भी : लिनु पंचमन

सिंगरौली। हिंडालको महान में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह में इकाई प्रमुख लिनु पंचमन ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। वहीं आर एंड आर कॉलोनी मझिगवां में सीएसआर एवं जनसंपर्क प्रमुख संजय सिंह ने ध्वजारोहण किया।
समारोह में कर्नल गौरव चतुर्वेदी और सुरक्षा प्रहरियों ने शानदार परेड का प्रदर्शन किया। सरस्वती शिशु मंदिर और आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में उत्साह भर दिया।

इकाई प्रमुख लिनु पंचमन ने कहा कि स्वतंत्रता का अर्थ केवल देश की आजादी नहीं, बल्कि कार्यस्थल पर उत्कृष्टता, जिम्मेदारी और सुरक्षित कार्य संस्कृति को अपनाना भी है। उन्होंने कर्मचारियों से सुरक्षा, गुणवत्ता, टीम भावना और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा, ‘‘महान केवल एक संयंत्र नहीं, बल्कि हमारी पहचान, जिम्मेदारी और सामूहिक संकल्प है।’’ उन्होंने सुरक्षित कार्य, उच्च गुणवत्ता, नवाचार और सामाजिक विकास के माध्यम से महान को उत्कृष्ट इकाई बनाने की बात कही।
इकाई प्रमुख ने पहली तिमाही की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए चार सौ किलोएम्पियर का लक्ष्य हासिल करने, निन्यानवे दशमलव बानवे प्रतिशत शुद्धता के साथ एपी-तीस स्मेल्टर में प्रथम स्थान, एक सौ एक प्रतिशत तैयार माल प्रेषण, छियानवे प्रतिशत समय पर पूर्ण एवं शून्य ग्राहक शिकायत जैसी उपलब्धियों के लिए पूरी टीम को बधाई दी।
समारोह में बेहतर कार्य करने वाले चालक, सुरक्षा कर्मी और खानपान सेवा से जुड़े कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन मौजूद रहे।













