भिंड में ट्रक से टकराई मजदूरों से भरी पिकअप, 8 की मौत
ग्वालियर से धान रोपाई का काम पूरा कर लखीमपुर खीरी लौट रहे थे मजदूर, 23 घायल

भिंड, 18 अगस्त। मध्यप्रदेश के भिंड जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर गोहद क्षेत्र में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब एक बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरी तेज रफ्तार पिकअप सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में पिकअप सवार आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हुए हैं। घायलों में ट्रक चालक भी शामिल है।
बताया गया कि पिकअप में कुल 29 मजदूर सवार थे। सभी ग्वालियर क्षेत्र में धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित अपने गांव लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पांच शव गोहद और तीन शव ग्वालियर में रखे गए हैं।
गायों को बचाने के दौरान टकराई पिकअप
पुलिस के अनुसार छीमका गांव के पास हाईवे पर कुछ गायें बैठी थीं। अचानक सामने आए मवेशियों को बचाने के प्रयास में चालक ने पिकअप मोड़ दी, इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। पिकअप की रफ्तार करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया और हादसे की जांच शुरू कर दी है।













