बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

बरगी बांध के 9 गेट खुले, नर्मदा के घाटों पर बढ़ेगा जलस्तर

1031 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा, निचले घाटों और तटीय क्षेत्रों के लिए अलर्ट

जबलपुर, 18 अगस्त। मंडला और डिंडौरी जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण बरगी बांध का जलस्तर बढ़ गया है। जलस्तर बढ़ने के बाद मंगलवार को वर्ष 2026 में पहली बार बांध के 21 में से 9 गेट खोले गए। बांध प्रबंधन ने नर्मदा नदी के घाटों और निचले तटीय क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया है।

बांध प्रबंधन के अनुसार 17 अगस्त की रात बांध का जलस्तर 420.80 मीटर दर्ज किया गया था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे 9 गेट खोलने का निर्णय लिया गया। वर्तमान में बांध की जल उपयोगी क्षमता 2674 एमसीएम यानी 84.08 प्रतिशत है।

बांध में फिलहाल 1620 क्यूमेक पानी की आवक हो रही है। जलस्तर नियंत्रित करने के लिए नौ गेट औसतन 0.78 मीटर तक खोले गए हैं, जिनसे करीब 1031 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। पानी छोड़े जाने से नर्मदा के निचले घाटों पर जलस्तर करीब 3 से 4 फीट तक बढ़ने की संभावना है।

घाटों से दूर रहने की अपील

प्रशासन और बांध प्रबंधन ने लोगों से नर्मदा नदी के घाटों और तटीय क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। पानी की आवक के अनुसार गेटों से पानी की निकासी घटाई या बढ़ाई जा सकती है।

Author

Related Articles

Back to top button