कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं, 95 आवेदनों पर हुई जनसुनवाई

सिंगरौली, । आमजन की समस्याओं के त्वरित और संवेदनशील निराकरण के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान कुल 95 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक से सीधे संवाद कर उनकी समस्या को समझा तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। कई प्रकरणों का तत्काल निराकरण कराकर आवेदकों को राहत प्रदान की गई। शेष आवेदनों पर कलेक्टर ने अधिकारियों को समय-सीमा निर्धारित कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई शासन और आमजन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। नागरिकों की समस्याओं का समय पर और पारदर्शी तरीके से निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी, एसडीएम सिंगरौली श्री सुरेश जाधव सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।












