शक्तिनगर पुलिस ने बाइक चोरी का किया खुलासा, दो गिरफ्तार
चोरी की हीरो स्प्लेंडर बरामद, पूछताछ में आरोपियों ने काली मंदिर के पास से चोरी करना कबूला

सिंगरौली। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त को शक्तिनगर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर एमजीआर बस्ती रेलवे लाइन के पास से दो संदिग्धों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। आरोपियों की पहचान सूरज गिरी (24) निवासी पीडब्ल्यूडी मोड़ तथा शिवा कुमार स्वीपर (20) निवासी पीडब्ल्यूडी मोड़, शक्तिनगर के रूप में हुई।
काली मंदिर के पास से चोरी की थी बाइक
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक UP64BC0234 बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने बाइक को 15 अगस्त को शक्तिनगर स्थित काली मंदिर के पास रेलवे लाइन फील्ड से चोरी करना स्वीकार किया।
ई-चालान एप से वाहन का मिलान करने पर बाइक अशोक गुप्ता पुत्र शिवजी शाह, निवासी काली मंदिर बस स्टैंड, शक्तिनगर के नाम पंजीकृत मिली। पुलिस ने वाहन स्वामी को मौके पर बुलाकर पहचान कराई, जिस पर उन्होंने मोटरसाइकिल को अपनी चोरी गई बाइक के रूप में पहचान लिया।
पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस के मुताबिक आरोपी सूरज गिरी के खिलाफ वर्ष 2023 में चोरी, चोरी का माल रखने और धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में तीन मामले दर्ज हैं। वहीं शिवा कुमार के खिलाफ भी वर्ष 2023 में बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज होना बताया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मु0अ0सं0 153/2026, धारा 303(2), 317(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय, उपनिरीक्षक सदाशिव राय, उपनिरीक्षक रंजीत कुमार, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार भारती और कांस्टेबल अमृतलाल शामिल रहे। सोनभद्र पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।












