11 सूत्रीय ज्ञापन पर 8 मांगों को लेकर बनी सहमति, आप ने कहा—जल्द दिखेगा असर
राजेश रूद्रम की अगुवाई में एनटीपीसी प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन; रोजगार, सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं पर मिला आश्वासन

सिंगरौली (विंध्यनगर)। एनटीपीसी विंध्याचल परियोजना से प्रभावित विस्थापित परिवारों और राखड़ प्रदूषण की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों की मांगों को लेकर आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष शहर राजेश रूद्रम की अगुवाई में मंगलवार को एनटीपीसी विंध्याचल के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) को 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। चर्चा के दौरान 8 प्रमुख मांगों को लेकर प्रबंधन की ओर से सहमति एवं आश्वासन दिए गए। आप ने मांगों के शीघ्र क्रियान्वयन की बात कही है।
ज्ञापन में विस्थापित एवं प्रभावित परिवारों को अस्थायी रोजगार देने, पात्र परिवारों के लंबित मुआवजे एवं अन्य देय लाभों का जल्द भुगतान करने की मांग प्रमुखता से रखी गई। ढोटी में हरिनाथ शाह के घर से बलियरी ओवरब्रिज तक रेलवे लाइन के किनारे क्षतिग्रस्त सड़क के तत्काल पुनर्निर्माण तथा अन्य विस्थापित बस्तियों में सड़क और नाली निर्माण की मांग पर भी चर्चा हुई।
पानी, स्कूल और खेल मैदान पर आश्वासन
प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल के लिए हैंडपंप और स्वच्छ पानी के लिए आरओ प्लांट लगाने की मांग रखी गई। विस्थापित एवं प्रभावित परिवारों के बच्चों के लिए प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय निर्माण की मांग पर प्रबंधन ने विचार करने की बात कही। फिलहाल पुस्तकालय और स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।
बच्चों के खेल मैदान की मांग पर छोटे ग्राउंड के लिए आश्वासन दिया गया। प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की मांग पर तत्काल मेडिकल कैंप आयोजित करने की बात कही गई।
युवाओं को ठेका कार्यों में प्राथमिकता
विस्थापित एवं प्रभावित युवाओं को ठेका कार्यों में पहली प्राथमिकता देने की मांग पर भी सहमति जताई गई। आप पदाधिकारियों ने कहा कि इन आश्वासनों को धरातल पर उतारना जरूरी है। यदि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
राजेश रूद्रम ने कहा कि विस्थापितों के अधिकार और प्रभावित क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अब प्रबंधन द्वारा दिए गए आश्वासनों के क्रियान्वयन पर नजर रखी जाएगी।












