मोबाइल लेने को लेकर घर से नाराज होकर निकला 15 वर्षीय बालक, जियावन पुलिस ने परिजनों से मिलाया

सिंगरौली। देवसर बाजार में परेशान हालत में साइकिल से घूम रहे 15 वर्षीय बालक को जियावन पुलिस ने सकुशल उसके परिजनों से मिलाया। बालक के मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार 18 अगस्त 2026 को डायल-112 के माध्यम से थाना जियावन को सूचना मिली कि करीब 14-15 वर्ष का एक बालक देवसर बाजार में साइकिल से घूम रहा है और परेशान दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही डायल-112 में तैनात कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया। पुलिसकर्मी बालक को थाने लेकर आए और शालीनता से पूछताछ की।
पूछताछ में बालक ने अपना नाम विमल पटेल पिता रंगलाल पटेल, उम्र 15 वर्ष, निवासी ग्राम कोदौरा, थाना अमिलिया, जिला सीधी बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह शाम करीब 3:30 बजे मोबाइल लेने की बात को लेकर घरवालों से नाराज होकर साइकिल से देवसर आ गया था।पुलिस ने बालक से उसके परिजनों के मोबाइल नंबर प्राप्त कर उनसे संपर्क किया। सूचना मिलने पर परिजन थाना जियावन पहुंचे और बालक को सकुशल अपने साथ ले गए। बालक को सुरक्षित पाकर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।इस सराहनीय कार्य में प्रधान आरक्षक दिनेश कुमार एवं पायलट ओमप्रकाश बैस का महत्वपूर्ण योगदान रहा।












